Latest News

गैंगवार का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: कुख्यात छोटू चौबे पर शिकंजा, अवैध हथियारों के नेटवर्क का सुबह होगा बड़ा खुलासा

गैंगवार का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: कुख्यात छोटू चौबे पर शिकंजा, अवैध हथियारों के नेटवर्क का सुबह होगा बड़ा खुलासा

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। घमापुर थाना क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर छोटू चौबे को पुलिस ने उसके ही घर से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त यह आरोपी इलाके में दहशत का पर्याय बन चुका था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में घमापुर के चुंगी नाका क्षेत्र में दो गुटों के बीच खूनी गैंगवार हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर जमकर फायरिंग की गई थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर हत्या के प्रयास यानी धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान इस गैंगवार में छोटू चौबे का नाम प्रमुख रूप से सामने आया। सूत्रों के मुताबिक, छोटू चौबे न सिर्फ इस घटना में शामिल था, बल्कि लंबे समय से अवैध हथियारों के नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। वह क्षेत्र में अपने दबदबे और गैंग के जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता रहा है।

घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे की संभावना है। बताया जा रहा है कि इस नेटवर्क में कई और लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिनके नाम जल्द सामने आ सकते हैं। पुलिस द्वारा इस पूरे मामले का खुलासा सुबह किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।

Related Articles

Back to top button