Latest News

जबलपुर के करमेता में खूनखराबा: युवक पर चाकू से हमला कर लूट, 

करमेता में खूनखराबा: युवक पर चाकू से हमला कर लूट, 

संस्कारधानी जबलपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। माढ़ेाताल थाना क्षेत्र के करमेता इलाके से एक गंभीर वारदात सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना करमेता इलाके की है, जहां युवक अपने घर के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक कुछ युवक वहां पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से युवक संभल भी नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि इस वारदात को देवांश साहू, आदर्श पांडे, पियूष ठाकुर और उनके दो अन्य साथियों ने मिलकर अंजाम दिया। हमले के बाद आरोपियों ने घायल युवक के पास से करीब 10 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जबलपुर के मेडिकल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही माढ़ेाताल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
फिलहाल इस घटना ने माढोंताल थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। दिनदहाड़े या घर के पास खड़े युवक पर इस तरह हमला और लूट की वारदात होना गंभीर चिंता का विषय है। सवाल यह उठता है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों खत्म होता जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले में सख्त कार्रवाई करती है और शहरवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।

Related Articles

Back to top button