Latest News

जबलपुर # पुलिस का सख्त एक्शन, कांबिंग गश्त में 310 वारंट तामील, फरार अपराधियों की धरपकड़

पुलिस कप्तान के निर्देशन में रातभर चला अभियान, अवैध शराब कारोबार पर भी करारा प्रहार

सेटन्यूज़, जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने शनिवार रात व्यापक स्तर पर कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस कप्तान सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में रात 9 बजे से तड़के 2 बजे तक चले इस विशेष अभियान में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

अभियान में एएसपी आयुष गुप्ता, जितेंद्र सिंह एवं अंजना तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारियों की सक्रिय भागीदारी रही। पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया, जिससे संवेदनशील और अपराध संभावित क्षेत्रों में पैदल गश्त कर प्रभावी एरिया डॉमिनेशन किया गया।

फरार आरोपियों पर कसी नकेल-
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने वर्षों से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। कुल 152 गैर म्यादी वारंट, 96 गिरफ्तारी वारंट और 62 जमानती वारंट तामील किए गए। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर आरोपी अब कानून के शिकंजे में आ गए हैं, जिन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

अवैध कारोबारियों पर भी कार्रवाई-
अभियान के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर भी सख्त प्रहार किया गया। पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 लीटर कच्ची शराब एवं 95 पाव देशी-विदेशी शराब जब्त की। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जनसुरक्षा पर विशेष फोकस-
पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ देर रात घूमने वालों से पूछताछ कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।

अभियान रहेगा जारी-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Related Articles

Back to top button