JabalpurLatest News
जबलपुर # साइबर सेल का सख्त प्रहार, 3.48 करोड़ होल्ड, 70 लाख रुपये पीड़ितों को लौटाए
पुलिस कप्तान के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई, 712 शिकायतों पर तेजी से जांच, 65 मामलों में एफआईआर दर्ज

सेटन्यूज़, जबलपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच जबलपुर पुलिस की साइबर सेल ने प्रभावी और त्वरित कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के स्पष्ट निर्देशों के तहत वर्ष 2026 में अब तक साइबर धोखाधड़ी के प्रकरणों में लगभग 3.48 करोड़ रुपये की राशि होल्ड/लीन कराई गई है। इनमें से करीब 70 लाख रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है। एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में डीएसपी साइबर अंजुल अयंक मिश्रा एवं साइबर सेल की टीम द्वारा प्रत्येक शिकायत पर त्वरित तकनीकी विवेचना की जा रही है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसी आरपी) पर वर्ष 2026 में अब तक जबलपुर जिले से 712 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिन पर समयबद्ध कार्रवाई कर पीड़ितों को राहत पहुंचाई जा रही है।
गंभीर मामलों में सख्ती, 65 एफआईआर दर्ज-
साइबर धोखाधड़ी के गंभीर मामलों में पुलिस द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए इस वर्ष अब तक 65 एफआईआर विभिन्न थानों में दर्ज की गई हैं। एक लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी वाले मामलों में तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की गई है।
‘गोल्डन आवर’ रणनीति बनी सफलता की कुंजी-
जबलपुर पुलिस द्वारा प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जिससे धोखाधड़ी की घटना के तुरंत बाद ‘गोल्डन आवर’ में शिकायत दर्ज कर बैंकिंग चैनलों में राशि को होल्ड कराया जा सके। इसी रणनीति के चलते बड़ी रकम को समय रहते रोकने में सफलता मिली है और पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल रही है।
जनजागरूकता पर विशेष जोर-
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध ऐप या आकर्षक निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं। बैंक खाते, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। टेलीग्राम, व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें।
तत्काल दर्ज करें शिकायत-
साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर सेल जबलपुर के नंबर 7701050010 पर संपर्क करें, अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जबलपुर पुलिस का संदेश स्पष्ट है सतर्कता ही सुरक्षा है।



