Latest News
जबलपुर में आबकारी विभाग की लापरवाही उजागर: LIC शराब दुकान से बंद के बाद भी धड़ल्ले से बिक्री”
आबकारी विभाग की लापरवाही उजागर: LIC शराब दुकान से बंद के बाद भी धड़ल्ले से बिक्री”

शहर में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। LIC के पास स्थित शराब दुकान पर नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। निर्धारित समय के बाद दुकान बंद दिखाने का दिखावा किया जाता है, जबकि हकीकत में अंदरखाने से शराब की बिक्री लगातार जारी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के शटर गिरते ही अवैध कारोबार शुरू हो जाता है। पीछे के रास्तों और गुप्त तरीकों से ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जाती है। यह सब कुछ इतनी बेखौफ तरीके से हो रहा है कि मानो ठेकेदारों को किसी कार्रवाई का डर ही नहीं है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब यह पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, तो आबकारी विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही? या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? विभाग की निष्क्रियता कहीं न कहीं इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रही है।
इस अवैध बिक्री का सीधा असर क्षेत्र के माहौल पर पड़ रहा है। देर रात तक शराब मिलने के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है, जिससे स्थानीय रहवासियों को असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जरूरत है कि आबकारी विभाग इस मामले को गंभीरता से ले और सख्त कार्रवाई करे, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह अवैध कारोबार और भी बेलगाम हो सकता है।



