जबलपुर # थाने के पास ‘खुफिया’ कारोबार: पुलिस को पैसे देने का वीडियो वायरल, गढ़ा पुरवा शराब दुकान का मामला

सेटन्यूज़, जबलपुर। थाना क्षेत्र से चंद कदमों की दूरी पर स्थित गढ़ा पुरवा शराब दुकान में नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक शराब की बिक्री का मामला सामने आया है।स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुकान संचालक न केवल तय कीमत से अधिक (ओवर रेट) पर शराब बेचते दिख रहे हैं, बल्कि पुलिस के नाम पर पैसे के लेन-देन की बात भी सामने आई है।
दुकान की दीवार में बनाए गए एक ‘खुफिया होल’ के जरिए शटर गिरने के बाद भी अवैध रूप से ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्रीय पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर थाने के इतने करीब यह गोरखधंधा किसकी शह पर फल-फूल रहा था।
वीडियो वायरल होने और मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधीक्षक संम्पत उपाध्याय ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल पुलिस को फटकार लगाई है। एसपी के कड़े रुख के बाद हरकत में आई पुलिस ने शराब दुकान में बने उस ‘खुफिया होल’ को बंद करवा दिया है जिससे देर रात शराब की सप्लाई की जा रही थी।
हालांकि, स्थानीय निवासियों में अब भी रोष है कि आबकारी विभाग और थाना पुलिस की चुप्पी के कारण ही दुकान संचालक के हौसले इतने बुलंद थे। अब देखना यह होगा कि क्या केवल ‘होल’ बंद करने तक कार्रवाई सीमित रहेगी या फिर ओवररेटिंग और कथित घूसखोरी के इस खेल में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर भी कोई बड़ी गाज गिरेगी।



