जबलपुर में रागिनी को मिला न्याय: प्रताड़ना के आरोप में पति समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर में रागिनी को मिला न्याय: प्रताड़ना के आरोप में पति समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। हरदुआ कला निवासी 28 वर्षीय श्रीमती रागिनी परोहा की संदिग्ध मौत के बाद की गई जांच में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना सामने आने पर पुलिस ने आरोपी पति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च 2026 को रागिनी ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के मायके पक्ष के बयान लिए गए, जिसमें बताया गया कि शादी के बाद से ही रागिनी को पति अनिल परोहा, सास विनीता परोहा, ससुर रामसनेही परोहा, चाचा ससुर राजकुमार परोहा और चाची सास कल्पना परोहा द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। यहां तक कि उसके चरित्र पर संदेह कर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
पुलिस ने सभी साक्ष्यों और बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है, वहीं पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई है। मामले में आगे की जांच जारी है।



