त्योहारों से पहले निवार पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चाकू लेकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

कटनी में आगामी त्योहारों को देखते हुए निवार पुलिस ने संदिग्धों और आदतन अपराधियों की चेकिंग तेज कर दी है। इसी अभियान के दौरान ग्राम जरवाही में श्मशान घाट के सामने आम के पेड़ के नीचे चाकू लेकर घूम रहे युवक को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी,
मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कमर में चाकू रखकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निवार अंजनी मिश्रा के नेतृत्व में निवार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
कमर से बरामद हुआ धारदार चाकू,
पूछताछ में आरोपी की पहचान किर्रा उर्फ सरमन लूनिया, उम्र 35 वर्ष, निवासी बिचपुरा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। चाकू रखने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर निवार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।
आरोपी पर पहले से 6 मामले दर्ज,
पुलिस के अनुसार किर्रा उर्फ सरमन लूनिया के खिलाफ थाना माधवनगर में पहले से 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। त्योहारों से पहले पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी का संदेश गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका,
कार्रवाई में टीआई शैलेंद्र यादव, चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, सउनि राजेश कोरी, कमलेश्वर शुक्ला, प्रधान आरक्षक गौरव सेन, आरक्षक अरविंद कुशवाहा और आरक्षक वकील यादव की अहम भूमिका रही। कार्रवाई एसपी अभिनय विश्वकर्मा, एएसपी कमल मौर्य और डीएसपी अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई।



