IndiaJabalpurLatest NewsMP

पुलिस की वर्दी ने निभाया इंसानियत का फर्ज, 70 जवानों ने किया रक्तदान

पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने भी किया रक्तदान, विक्टोरिया अस्पताल व रोटरी क्लब के सहयोग से दो स्थानों पर लगा शिविर

SET NEWS, जबलपुर। पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवता की सेवा करना भी है। इसी भावना के साथ जबलपुर पुलिस ने गुरुवार को रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जबलपुर पुलिस, विक्टोरिया अस्पताल और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुल 70 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने 70 यूनिट रक्तदान किया।

कप्तान समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया रक्तदान-
शिविर में पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने स्वयं रक्तदान कर पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ अतिरिक्त एएसपी सिटी डॉ. आयुष जाखड़ और एएसपी क्राइम जितेंद्र सिंह ने भी रक्तदान किया। सीएमओ विक्टोरिया अस्पताल डॉ. नवीन कोठारी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।

थानों से लेकर पुलिस लाइन तक सहभागिता-
रक्तदान करने वालों में सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर, डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला, रक्षित निरीक्षक अमित शिववंशी, राहुल सिंह, थाना प्रभारी यातायात गढ़ा मनीष प्यासी और चौकी प्रभारी उखरी उप निरीक्षक सरिता पटेल सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन एवं विभिन्न थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

महादान’ से बच सकती है जिंदगी-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती है। रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।

Related Articles