शराब के लिए मांगे 500 रुपये, इंकार करने पर अधिवक्ता पर हमला; मदनमहल में दबंगई से दहशत
शराब के लिए मांगे 500 रुपये, इंकार करने पर अधिवक्ता पर हमला; मदनमहल में दबंगई से दहशत

जबलपुर के मदनमहल थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि एक युवक ने पहले गाली-गलौज की, फिर शराब पीने के लिए रुपये मांगे और इंकार करने पर अधिवक्ता के साथ बच्चों के सामने ही मारपीट कर दी।
नरसिंह वार्ड निवासी अधिवक्ता वैभव कुमार जैन ने पुलिस को बताया कि 30 मई की रात करीब 10:30 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर के नीचे खड़े होकर आईस्क्रीम खा रहे थे। इसी दौरान वह आईस्क्रीम का खाली रैपर और स्टीक फेंकने के लिए पास स्थित आदिनाथ स्टील दुकान के पास पहुंचे। वहां पहले से मौजूद संजय पटेल उर्फ संजू से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
शिकायत के अनुसार संजय पटेल उर्फ संजू ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। जब अधिवक्ता ने रुपये देने से मना किया तो आरोपी ने हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे उनके पेट और कंधे में चोटें आईं। शोर सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के रिहायशी इलाकों में यदि अधिवक्ता जैसे जागरूक नागरिक भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और छोटी-छोटी बातों पर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
मदनमहल पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि नागरिकों का कहना है कि केवल अपराध दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसे आदतन उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित निगरानी की आवश्यकता है ताकि क्षेत्र में कानून का डर बना रहे।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और वे दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



