Latest News

हनुमानताल में चाकूबाजी से 22 वर्षीय युवक की मौत, एक गंभीर,बाबा टोला में वारदात, घटना की वजह तलाश रही पुलिस

जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबा टोला में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। वारदात में 22 वर्षीय सूरज चौधरी की मौत हो गई, जबकि भूरा चौधरी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि चाकूबाजी में घायल सूरज चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं घायल भूरा चौधरी को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वारदात के पीछे का विवाद फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ और चाकूबाजी की नौबत कैसे आई।

हनुमानताल थाना प्रभारी ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ाई गई है।

Related Articles