Latest News

जबलपुर: प्रेम नगर में अवैध आहाते पर चुप आबकारी विभाग, खुली चुनौती बन रहा सिस्टम

प्रेम नगर में अवैध आहाते पर चुप आबकारी विभाग, खुली चुनौती बन रहा सिस्टम

जबलपुर के गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रेम नगर में शराब दुकान के बाहर खुलेआम चल रहे अवैध आहाते ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियमों के मुताबिक दुकान परिसर के बाहर बैठाकर शराब पिलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद यहां रोजाना कुर्सियां-टेबल लगाकर लोगों को शराब परोसी जा रही है और जिम्मेदार विभाग मानो आंखें मूंदे बैठा है।

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शाम होते ही इलाका शोर-शराबे, गाली-गलौज और विवादों का केंद्र बन जाता है। नशे में धुत लोग सड़कों पर हंगामा करते नजर आते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई बार छोटे-छोटे विवाद बड़े झगड़ों में बदल जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं दिखता।

लोगों का आरोप है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या आबकारी विभाग जानबूझकर इस पर पर्दा डाल रहा है या फिर निगरानी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।

कानून के स्पष्ट प्रावधानों के बावजूद यदि इस तरह खुलेआम उल्लंघन जारी है, तो यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही दर्शाता है बल्कि शहर की कानून व्यवस्था के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। अब जरूरत है कि आबकारी विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई करे, अवैध आहाते को बंद कराए और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करे, ताकि प्रेम नगर के लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button