Latest News
ताला टूटा, भरोसा भी टूटा” : जबलपुर में लगातार चोरी, हर इलाके में चोरों की दस्तक
ताला टूटा, भरोसा भी टूटा” : जबलपुर में लगातार चोरी, हर इलाके में चोरों की दस्तक

जबलपुर। शहर में इन दिनों चोरी की घटनाएं जिस तेजी से बढ़ रही हैं, उसने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आई तीन घटनाएं यह साफ इशारा कर रही हैं कि चोर अब बेखौफ होकर हर जगह वारदात को अंजाम दे रहे हैं—चाहे घर सूना हो, परिवार आंगन में सो रहा हो या फिर शादी समारोह की भीड़ हो।
1- गोरखपुर थाना क्षेत्र में शातिराना चोरी
हाथीताल लक्ष्मी कॉलोनी निवासी चाहत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि रात के समय उसकी वैगनआर कार घर के सामने खड़ी थी। सुबह लौटने पर कार गायब मिली और घर के ऊपरी कमरे का ताला टूटा हुआ था। अलमारी से करीब 50 हजार रुपये नकद और वाहन की चाबियां भी चोरी हो गईं। पास लगे सीसीटीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति वाहन ले जाते नजर आया है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला है।
2- गोसलपुर में सोते परिवार के बीच वारदात
रानीताल निवासी माया बाई ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ आंगन में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसा और पेटी में रखे 25 हजार रुपये नगद व परछी में खड़ी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। सुबह दरवाजा खुला देख घटना का खुलासा हुआ, जिससे इलाके में भय का माहौल है।
3- खमरिया में शादी बनी मौका
अभाना मझोली निवासी रामप्रकाश चौधरी शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल बाहर खड़ी की थी, जो देर रात चोरी हो गई। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोर आसानी से वाहन ले उड़े।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा पर जोर
तीनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, घरों में मजबूत ताले और सीसीटीवी लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।



