जबलपुर में हाईवे बना वारदात का अड्डा: पैसे के विवाद में युवक पर चाकुओं से हमला
हाईवे बना वारदात का अड्डा: पैसे के विवाद में युवक पर चाकुओं से हमला

जबलपुर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला संजीवनी नगर थाना क्षेत्र की धनवंतरी नगर चौकी का है, जहां नेशनल हाईवे पर स्थित अंधमुख बायपास वैधन पुल के पास एक युवक पर चार अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक राकेश विश्वकर्मा (उम्र 28 वर्ष) निवासी शास्त्री नगर, सोनी कॉलोनी, थाना तिलवारा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि राकेश किसी काम से हाईवे से गुजर रहा था, तभी रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे, लेकिन जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते आरोपियों ने आक्रामक रूप लेते हुए राकेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के समय वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार युवक को कई जगह गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से हाईवे पर गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



