जबलपुर: दिनदहाड़े खेत से सिंचाई सामान गायब: कटंगी में किसान बना चोरों का निशाना
दिनदहाड़े खेत से सिंचाई सामान गायब: कटंगी में किसान बना चोरों का निशाना

जबलपुर में कटंगी थाना क्षेत्र में एक किसान के खेत से सिंचाई उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्राम बोरिया निवासी सत्यम राजपूत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह गंजखमरिया-कांकरखेड़ा हार स्थित खेत में खेती करता है। इस सीजन में उसने गेहूं की फसल लगाई थी और सिंचाई के लिए पाइप, नोजल और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर रहा था।
फसल पकने के बाद उसने सभी उपकरण खेत में नलकूप के पास रख दिए थे और अपने गांव लौट गया था। लेकिन 15 अप्रैल 2026 की शाम जब वह खेत पर पहुंचा, तो वहां रखा पूरा सामान गायब मिला। अज्ञात चोर 45 पाइप, 12 नोजल, एक टी, एक बेंड और दो ज्वाइंटर सहित अन्य जरूरी सामान चुरा ले गए, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने गांव के ही दो व्यक्तियों—गुड्डू गौड़ और रंजीत गौड़—पर संदेह जताया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और आसपास के क्षेत्र में भी जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और वे अपने खेतों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।



