जबलपुर में तीन वारदात, एक दिन—जबलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: चेन स्नेचरों की धरपकड़ के लिए शहरभर में अलर्ट”
तीन वारदात, एक दिन—जबलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: चेन स्नेचरों की धरपकड़ के लिए शहरभर में अलर्ट”

जबलपुर में 28 अप्रैल 2026 को हुई तीन अलग-अलग चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच तेज कर दी है। कोतवाली, गोरखपुर और संजीवनी नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज इन मामलों में पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
1- फरियादी किरण जैन (उम्र 60 वर्ष), निवासी जगदम्बा कॉलोनी, तुलसी नगर, थाना कोतवाली क्षेत्र में किरण जैन अपनी बहू के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। तुलसीनगर रोड पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और स्कूटी में टक्कर मार दी। गिरते ही पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से लगभग 10 ग्राम सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
2- फरियादी – विजय कुमार पृथ्यानी (उम्र 40 वर्ष), निवासी टैगोर नगर, ग्वारीघाट, थाना गोरखपुर क्षेत्र में विजय कुमार अपनी मां के साथ जा रहे थे, तभी मुकादमगंज इलाके में बाइक सवार दो युवकों ने झूमाझपटी कर उनकी मां के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
3- फरियादी अलका चौधरी जैन (उम्र 67 वर्ष), निवासी त्रिमूर्ति नगर, गोहलपुर, थाना संजीवनी नगर क्षेत्र में अलका जैन ई-रिक्शा से उतर रही थीं, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से करीब 15 ग्राम सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर उन्हें धक्का दिया गया, जिससे उन्हें हल्की चोट भी आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए।
तीनों ही मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन घटनाओं में एक ही गिरोह की संलिप्तता की संभावना को ध्यान में रखते हुए क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगाया गया है।
जबलपुर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग बढ़ा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर शीघ्र अंकुश लगाया जा सके।



