Latest News
जबलपुर में आबकारी विभाग की अनदेखी से महाराजपुर शराब दुकान के बाहर फल-फूल रहा अवैध आहता
आबकारी विभाग की अनदेखी से महाराजपुर शराब दुकान के बाहर फल-फूल रहा अवैध आहता

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर स्थित शराब दुकान एक बार फिर विवादों में है। आरोप है कि शराब दुकान के बाहर लंबे समय से खुलेआम अवैध आहता संचालित किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार आबकारी विभाग इस पूरे मामले में आंखें मूंदे बैठा है। नियमों के अनुसार शराब दुकानों के बाहर इस तरह लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की अनुमति नहीं है, इसके बावजूद खुलेआम व्यवस्था संचालित होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि शाम ढलते ही शराब दुकान के बाहर शराब पीने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। देर रात तक यहां नशे में धुत लोगों का जमावड़ा बना रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। शराब के नशे में आए दिन विवाद, गाली-गलौज, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। कई बार छोटी-छोटी बातों पर विवाद इतना बढ़ जाता है कि स्थिति हिंसक हो जाती है।
रहवासियों के अनुसार शराब दुकान के आसपास परिवारों का आवागमन रहता है, वहीं महिलाएं और बच्चे भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में खुलेआम शराब सेवन और असामाजिक गतिविधियों के कारण लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद न तो आबकारी विभाग ने गंभीरता दिखाई और न ही अवैध आहता पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया तो क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं और बढ़ सकती हैं। रहवासियों ने प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग से मांग की है कि महाराजपुर शराब दुकान के बाहर संचालित अवैध आहता को तत्काल बंद कराया जाए, नियमित जांच अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो।
अब देखना यह होगा कि लगातार उठ रहे सवालों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आबकारी विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।



