जबलपुर के ग्वारीघाट थाने में हंगामा, थाना प्रभारी और आरक्षक के विवाद के बाद विभाग में मचा हड़कंप
थाने के अंदर भिड़े थाना प्रभारी और आरक्षक, तोड़फोड़ के बाद बड़ा एक्शन

जबलपुर के ग्वारीघाट थाना परिसर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। यहां थाना प्रभारी और आरक्षक के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत ड्यूटी तय करने को लेकर हुई थी। थाना प्रभारी और आरक्षक अजय लोधी के बीच पहले बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला उग्र हो गया। थाना परिसर में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी इस घटनाक्रम से हैरान रह गए।

सूत्रों के मुताबिक, विवाद के दौरान आरक्षक अजय लोधी ने कथित तौर पर आवेश में आकर थाना परिसर के टी रूम में रखा कंप्यूटर क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, वायरलेस सेट को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे पुलिस संचार व्यवस्था प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान संम्पत उपाध्याय ने तुरंत सख्त रुख अपनाया और कार्रवाई करते हुए आरक्षक अजय लोधी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन और जवाबदेही से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और इस घटना को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हैं। नए अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।



