मध्यप्रदेश # राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया पश्चिम बंगाल राज्य का स्थापना दिवस

 मध्यप्रदेश # राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया पश्चिम बंगाल राज्य का स्थापना दिवस
SET News:

जबलपुर। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने मंगलवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में ‘‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’’ की थीम पर पश्चिम बंगाल की स्थापना दिवस कार्यक्रम में सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यों की स्थापना दिवस मनाने का कार्यक्रम गौरवशाली भारत की धरोहर का स्मरण कराता है। यह देश की एकता व अखंडता का उत्सव है। इस दौरान उन्होंने बंगाल के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी देते हुए बंगाल के गौरवशाली विभूतियों को नमन किया और उनके योगदान को याद किया। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आजादी के आंदोलन का सूत्रपात बंगाल से ही हुआ था, बंगाल महान विभूतियों के गौरव से आच्छादित है जिसमें राजा राममोहन राय, गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चटर्जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, जगदीश चंद्र बसु, सुभाष चंद्र बोस, अमर्त्य सेन, सुचित्रा सेन आदि का नामों का उल्लेख है। जिन्होंने भारत का नाम रोशन किया। एक भारत श्रेष्ठ भारत मंत्र में बंगाल राज्य ने सभी को स्पर्श किया है। पश्चिम बंगाल की समाज की सांस्कृतिक विरासत ने भारत को समृद्ध किया है। बंगाली समाज के नवरात्रि व दुर्गा पूजन ने पवित्रता के साथ समाज को सुखद संदेश देने का काम किया है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के तेज विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन धन योजना, उज्जवला योजना, जल जीवन मिशन ने लोगों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाया है उनके जीवन को सुखद बनाने का नया आयाम स्थापित किया है।

 

राष्ट्रपति को दीं जन्मदिन पर शुभकामनाएँ
इसके साथ ही उन्होंने देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर शुभकामनाएँ भी प्रेषित की। कार्यक्रम के दौरान सांसद राकेश सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल देश का विशेष राज्य है, यहां की कला, संस्कृति, साहित्य, दर्शन विशेष रूप से जाना जाता है। पश्चिम बंगाल, देश का सौभाग्यशाली राज्य है जहां सबसे ज्यादा क्रांतिकारियों ने जन्म लिया। बंगाल वह पवित्र धरती है, जहां अनाचार के विरुद्ध क्रांति का बिगुल बजा व आजादी के स्वर का उदघोष हुआ। उन्होंने कहा कि बंगाल के ही एक सपूत स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका की धरती में हुंकार भरते हुए यह कहा था कि एक दिन भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगा, अब वह सपना साकार होते दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल ने देश दुनिया को एक नई दिशा दी है, बंगाल की पवित्रता ने समाज को सुखद संदेश देने का काम किया है। पश्चिम बंगाल स्थापना उत्सव का शुभारंभ रानी दुर्गावती के प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उत्सव के दौरान बंगाली समाज द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।

बंगाली समाज सहित बड़ी तादाद में नागरिक रहे उपस्थित
इस दौरान विधायक अशोक रोहाणी, मध्य प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव एवं संघीय परिषद की अध्यक्ष अनिरुद्ध मुखर्जी, राज्यपाल के सचिव डीपी अहूजा, राजभवन में जनजाति प्रकोष्ठ से दीपक खांडेकर, पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी, कमिश्नर अभय वर्मा, कुलपति कपिल देव मिश्र, बंगाल क्लब की अध्यक्ष सुब्रतो पाल तथा बंगाली समाज के प्रबुद्धजन सहित बड़ी तादाद में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related post