गोसलपुर पुलिस की देर रात बड़ी कार्रवाई! शराब से भरी स्कॉर्पियो पकड़ी, दूसरी गाड़ी फरार
थाना प्रभारी भावना तिवारी की अगुवाई में कार्रवाई, करीब 40 पेटी देशी शराब बरामद होने की सूचना

सुनील सेन SET NEWS जबलपुर। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ गोसलपुर थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी भावना तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खिन्नी रोड की तरफ से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक MP 09 V 7688 को रोककर जांच की। वाहन की तलाशी के दौरान करीब 40 पेटी देशी शराब बरामद होने की सूचना है।
रात 2 से 3 बजे पुलिस ने पकड़ी स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक कार्रवाई रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की गई। पुलिस को खिन्नी रोड की तरफ से संदिग्ध स्कॉर्पियो आने की जानकारी मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी भावना तिवारी की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन को रोका और जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में देशी शराब मिलने के बाद उसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
पन्ना जिले से जुड़ा बताया जा रहा शराब का माल
प्रारंभिक जानकारी में पकड़ी गई शराब का माल पन्ना जिले का बताया जा रहा है। हालांकि शराब कहां से लाई गई और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
एक और स्कॉर्पियो पुलिस को चकमा देकर भागी
कार्रवाई के दौरान एक अन्य स्कॉर्पियो भी मौके पर मौजूद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की कार्रवाई के बीच दूसरी स्कॉर्पियो जबलपुर की ओर भाग गई। आशंका जताई जा रही है कि उसमें भी शराब का माल हो सकता है। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी गोसलपुर पुलिस
थाना प्रभारी भावना तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की खेप किसने भेजी थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पकड़े गए वाहन और शराब से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
भावना तिवारी और टीम की सतर्कता से बड़ी कार्रवाई
देर रात जिस समय अधिकांश लोग अपने घरों में थे, उसी दौरान थाना प्रभारी भावना तिवारी और उनकी पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन की जांच की और बड़ी मात्रा में शराब बरामद करने में सफलता हासिल की। पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब के परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अब फरार स्कॉर्पियो की तलाश
फिलहाल गोसलपुर पुलिस ने पकड़ी गई स्कॉर्पियो और शराब को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश जारी है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने पर अवैध शराब की सप्लाई लाइन और इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।



