Latest News

जबलपुर: भेड़ाघाट में बुरादा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों का नुकसान

जबलपुर: भेड़ाघाट में बुरादा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों का नुकसान

जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अंजनी माता मंदिर के पास स्थित आराध्य इंडस्ट्रीज की बुरादा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में रखे बुरादे ने आग को तेजी से फैलने में और हवा देने का काम किया, जिससे कुछ ही मिनटों में लपटें ऊंची उठने लगीं और पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे काबू में करने में दमकल कर्मियों को करीब 2 से 3 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्र को भी एहतियातन खाली कराया गया, ताकि कोई जनहानि न हो।

इस भीषण आगजनी में फैक्ट्री की मशीनें, गोदाम में रखा कच्चा माल और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या लापरवाही इसकी वजह हो सकती है। प्रशासन और संबंधित विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button