Crime ReportsIndiaJabalpurLatest NewsMP

जबलपुर: भाजपा नेता बना जुए के अड्डे का आका,पुलिस की छापेमारी में टूटी सियासी हनक, किंग्सवे कांड से कांप गई जबलपुर की राजनीति,फरार होटल संचालक भाजपा नेता की तलाश जारी, मंडल उपाध्यक्ष पर पार्टी कर सकती हैं कार्यवाही

SET NEWS, जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के किंग्सवे होटल स्थित व्यास मैरिज हॉल में चल रहे जुए के अड्डे पर की गई दबिश के बाद जहां एक ओर पुलिस की कार्रवाई की तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं की संलिप्तता ने पार्टी को असहज कर दिया है। जुआ फड़ का संचालन करने वाले होटल संचालक और पेशे से वकील सौरभ व्यास, उनका सहयोगी सुमित व्यास दोनों भाजपा से जुड़े हैं और फिलहाल फरार हैं। जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। दूसरी ओर जुए में पकड़ा गया भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष पंकज विश्वकर्मा पार्टी के लिए संकट बनता जा रहा है। अब इस पूरे मामले की गूंज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल तक पहुंच चुकी है, और खबर है कि पार्टी संगठन पंकज विश्वकर्मा पर आंतरिक अनुशासनात्मक कार्यवाही की तैयारी कर रहा है।


कार्रवाई बनी मिसाल, रसूखदार भी नहीं बचे-
पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने बिना किसी राजनीतिक दबाव में आए 12 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई की कमान संभाल रहे एसआई दिनेश गौतम के नेतृत्व में पूरी टीम ने दबिश दी। मौके से 1.67 लाख नगद, ताश की 8 गड्डियाँ, 13 मोबाइल, चार लग्जरी वाहन, रजिस्टर, प्लास्टिक फड़ बोर्ड ज़ब्त किए गए जो इस बात का प्रमाण हैं कि यह व्यवस्थित और स्थायी जुआ अड्डा था।

अड्डे का सरगना, अब अंडरग्राउंड-
होटल संचालक सौरभ व्यास जो पेशे से वकील और राजनीतिक रूप से भाजपा से जुड़ा व्यक्ति है, कार्रवाई के बाद से फरार है। उसका भाई सुमित व्यास भी लापता है। पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर दबिश तेज कर दी गई है।

भाजपा के लिए शर्मनाक स्थिति, कार्रवाई की मांग तेज-
भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष पंकज विश्वकर्मा की गिरफ्तारी ने पार्टी की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला अब प्रदेश भाजपा नेतृत्व तक पहुंच गया है और संभावना है कि पार्टी जल्द ही सार्वजनिक रूप से संगठनात्मक कार्यवाही कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और जबलपुर जिला इकाई से इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा अपनी छवि बचाने के लिए अब कड़े फैसले लेने को मजबूर है।


एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा,कहना हैं
फरार होटल संचालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही उसको पकड़ लिया जाएगा। पाटन पुलिस की भूमिका की जांच चल रही हैं जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button