Latest News

बायपास रोड पर देर रात दर्दनाक हादसा, पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

बायपास रोड पर देर रात दर्दनाक हादसा, पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

जबलपुर के अंधमुख बायपास रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र में शनिवार रात हुए हिट एंड रन मामले में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान प्रियांशु दुबे (20 वर्ष), पिता हेमंत दुबे, निवासी सागर कॉलोनी, धनवंतरी नगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा बायपास रोड स्थित बैधन पुल के पास रात करीब 9 बजे हुआ। प्रियांशु अपनी मोटरसाइकिल (MP20NA2652) से जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में मोटरसाइकिल का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बैकलाइट और नंबर प्लेट टूट गई, जबकि दाहिनी ओर का ब्रेक और फुटरेस्ट भी बुरी तरह मुड़ गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को निजी एम्बुलेंस की सहायता से मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच जारी
धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button