मध्यप्रदेश # फरार इनामी जालसाज़ अमित खम्परिया के यूनियन बैंक व महाराष्ट्र बैंक के खाते सीज

 मध्यप्रदेश # फरार इनामी जालसाज़ अमित खम्परिया के यूनियन बैंक व महाराष्ट्र बैंक के खाते सीज
SET News:

बैंकों में करोड़ो की देनदारी पर नैनपुर पुलिस के प्रतिवेदन पर कार्रवाई

जबलपुर/मंडला, (सेटन्यूज़)। जबलपुर, मंडला एवं उमरिया जिले से फरार चल रहे हत्या और जालसाज़ी के इनामी आरोपी संजीवनी नगर निवासी अमित खम्परिया के जबलपुर के बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं।
दरअसल अमित खम्परिया द्वारा टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों की धोखाधड़ी की गई थी। 80 वर्ष के उत्तर प्रदेश निवासी गोपीकृष्ण माहेश्वरी को संजीवनी नगर स्थित आफिस में बंधक बनाकर रखा गया था, और टोल प्लाजा के पैसे वापिस मांगने पर सीने में पिस्तौल रखी गई थी। 2 करोड़ रुपये बुजुर्ग से अमित खम्परिया और अमित द्विवेदी ने हड़प लिए थे। इसी प्रकार धोखाधड़ी करते हुए नैनपुर सेशन कोर्ट में 5-5 साल की सजा के बाद खम्परिया ने अपने बाप अनिरुद्ध प्रसाद की जगह कोमल पांडेय और मौसिया रामजी द्विवेदी की जगह श्याम सुंदर खम्परिया अपने सगे मामा को लंबी रकम देकर जेल भेज दिया था, ताकि इसके बाप अनिरुद्ध और मौसिया रामजी द्विवेदी को सजा काटने जेल न जाना पड़े।
आश्चर्य की बात तो यह है कि सभी नकली आरोपियों ने खम्परिया से पैसे लेकर 5 साल की सजा में 84 दिन जेल काटकर छूट गए और किसी को जानकारी तक नही दी। सभी आरोपियों ने इस षड्यंत्र में अमित का पूरा साथ दिया। इस घटना का खुलासा होने पर न्याय व्यवस्था की खूब धज्जियाँ उड़ी थी। स्वयं पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने इस मामले का संज्ञान लिया है। इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य षड्यंत्रकारी मंडला जिले से भी फरार 10-10 हजार का इनामी जालसाज अमित खम्परिया लगातार फरार चल रहा है। जिसको जबलपुर पुलिस आजतक नही पकड़ पाई।
मंडला पुलिस लगातार खम्परिया की तलाश में छापेमारी कर रही है। इसी कार्रवाई के क्रम में नैनपुर पुलिस की टीम अमित खम्परिया को ढूढ़ने आई थी, साथ ही बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा संजीवनी नगर और यूनियन बैंक शाखा गोपालबाग में अमित खम्परिया के खातों को सीज करवाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों बैंको में खम्परिया के ऊपर 10 से अधिक लोन चल रहे हैं, जिनमे यूनियन बैंक को एक करोड़ 20 लाख रूपये के लगभग खम्परिया से लेना शेष है। इसी प्रकार लगभग 2 करोड़ बैंक ऑफ महाराष्ट्र को लेना बाकी है।

Related post