जबलपुर: भगवान बालकृष्ण ने की नटखट लीलाएं, भागवत कथा में माखन चोरी, मटकी फोड़ व गोवर्धन पूजा का आयोजन

 जबलपुर: भगवान बालकृष्ण ने की नटखट लीलाएं, भागवत कथा में माखन चोरी, मटकी फोड़ व गोवर्धन पूजा का आयोजन
SET News:

जबलपुर। पुरानी जगदम्बा कालोनी में चल रही भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने सभी भक्तों का मन मोह लिया। बाल रूप में कन्हैया ने ग्वाल बालों के साथ माखन चोरी तथा मटकी फोड़ने की लीला की और भक्तों को माखन का प्रसाद अपने हाथों से वितरित किया। श्री कृष्ण भगवान ने अपने हाथ की उंगली से गोवर्धन पर्वत उठाया समूचा कथा स्थल तालियों की आवाज एवं कन्हैया जी के जयकारों से गूंज उठा। भक्तों ने पुष्प वर्षा करके श्रीकृष्ण एवं गोवर्धन भगवान को 56 भोग लगाकर पूजन किया।

भागवत महापुराण में व्यासपीठ से प्रसिद्ध कथावाचक शिव मंदिर कचनार सिटी (बड़े शंकर जी) के मुख्य आचार्य एवं मां दक्षिणेश्वरी धाम के संस्थापक सुरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज ने कहा कि भक्तों की रक्षा के लिए भगवान इस धरा पर अवतार लेते हैं। भक्तों की रक्षा करते हुए भगवान श्री कृष्ण ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाए रखा। भगवान श्री कृष्ण को दिन में आठ बार भोग लगाया जाता है, गोवर्धन पर्वत उठाने के कारण सात दिनों तक भोग नहीं लगाया जा सका, इसलिए बाद में उनको एक साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए। भक्ति करके जीव भगवान का सानिध्य प्राप्त कर लेता है। व्यासपीठ एवं देवी देवताओं का पूजन अर्चन पंडित अमित उपाध्याय, संजय उपाध्याय ने संपन्न कराया। स्व. वायके शर्मा की स्मृति में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में व्यास पीठ का पूजन हनी शर्मा, सरला शर्मा तथा रश्मि शर्मा ने किया। इस दौरान शरद शर्मा, अभय शर्मा, प्रभव, शांतनु, शिवा विश्वकर्मा, शिवम, रिया, प्रिंसी सहित अन्य भक्त उपस्थित रहे।

jabalpur reporter

Related post