डॉक्टर दंपती का आलीशान घर देख EOW चौंकी:जबलपुर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं दोनों; छापे में 5.50 करोड़ की प्रॉपर्टी मिली,12 करोड़ तब पहुंचेगी

जबलपुर में डॉक्टर दंपती के यहां EOW ने बुधवार सुबह 5.50 बजे छापा मारा। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की गई। दंपती का आलीशान मकान देखकर ईओडब्ल्यू की टीम भी चौक गई। दोनों मेडिकल कॉलेज जबलपुर में प्रोफेसर हैं। उनकी अब तक कुल आय 3.15 करोड़ होती है, लेकिन शुरुआती आकलन में ही 5.50 करोड़ की प्रॉपर्टी मिल चुकी है। ये राशि 12 करोड़ तक जा सकती है।
डॉ. तृप्ति गुप्ता मेडिकल यूनिवर्सिटी में प्रभारी परीक्षा नियंत्रक रह चुकीं है। अभी वह मेडिकल कॉलेज जबलपुर में प्रोफेसर हैं। उनके पति प्रोफेसर अशोक साहू भी वहीं पदस्थ हैं। मेडिकल यूनिवर्सिटी में छात्रों को पास-फेल करने के घोटाले से जोड़कर ये कार्रवाई देखी जा रही है। तीन महीने पहले प्रोफेसर दंपती के खिलाफ EOW में शिकायत हुई थी। निरीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने जांच की, तो बेनामी संपत्ति होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद आज सुबह से सर्चिंग की कार्रवाई की गई। टीम के जगाने पर पहले उन्होंने अपने वकील से बात कराई। इसके बाद गेट खोला।
2400 स्क्वेयर फीट में करोड़ों का मकान
2400 स्क्वेयर फीट में करोड़ों की लागत से बना आलीशान मकान का कुछ समय पहले ही तैयार हुआ है। प्रोफेसर दंपती ने सामने फुटपाथ की लगभग 500 स्क्वेयर फीट जमीन पर कब्जा कर उसे निजी गार्डन बना लिया है। मकान की भव्यता देख टीम भी चकरा गई। SP EOW देवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि DSP मनजीत सिंह की अगुवाई में निरीक्षक धामी सहित 14 लोगों की टीम ने सुबह धनवंतरी नगर स्थित प्रोफेसर दंपती के LIG 516 नंबर के मकान पर दबिश दी ।
12 साल की नौकरी में अकूत संपत्ति जुटाई
SP EOW देवेंद्र सिंह राजपूत के मुताबिक प्रोफेसर दंपती ने अकूत संपत्ति जमा की है। 12 साल से नौकरी कर रहे दंपती की वैध आय 3.15 करोड़ होती है। इस आय में 72% से अधिक व्यय किया गया है। लेकिन, इस दंपती ने इस अवधि में 5.50 करोड़ की संपत्ति बनाई है। इस आकलन के बाद प्रोफेसर दंपती के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर सर्चिंग की कार्रवाई की जा रही है। सर्चिंग में कुछ जानकारी सामने आई है। शाम तक आकलन कर विस्तृत जानकारी देंगे।
अभी तक मिली संपत्ति
- 54 सीओ कॉलोनी में प्लॉट
- MIG 516 मेन रोड धनवंतरी नगर में प्लॉट।
- MIG 517 मेन रोड धनवंतरी नगर में प्लॉट।
- तीनों प्लाॅट की खरीदी पर 1.56 करोड़ रुपए खर्च हुए।
- इन प्लाॅट पर भवन के निर्माण में 2.34 करोड़ खर्च किए गए।
- LIC में निवेश 5.68 लाख रुपए।
- टोयोटा कार- कीमत 7.40 लाख रुपए।
- SBI में एक लॉकर।
- तेंदूखेड़ा में 4 एकड़ का फार्म हाउस
- जेवर, नकदी और चार बैंक खाते।
2011 में हुई थी आर्य समाज मंदिर में शादी
डॉ. तृप्ति गुप्ता की पढ़ाई भोपाल से हुई है। वर्तमान में वह जबलपुर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं। यहीं पर पदस्थ प्रोफेसर अशोक साहू से 2011 में उनका प्रेम विवाह हुआ था। दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 6 साल, छोटा दो साल का है। डॉ. तृप्ति गुप्ता मप्र के इकलौते मेडिकल यूनिवर्सिटी में प्रतिनियुक्ति पर प्रभारी परीक्षा नियंत्रक का दायित्व संभाल चुकी है। माइंड लाजिस्टिक कंपनी से मिलीभगत कर छात्रों को पास-फेल करने के प्रकरण से वे चर्चा में आई थीं। कुछ दिन पहले ही उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर वापस मेडिकल कॉलेज में भेजा गया था।