(मैहर/कैमोर) कैमोर की बेटी शनिजा अफ़रोज़ ख़ान ने रचा इतिहास, CBSE 10वीं में 97% अंक हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

सेटन्यूज़ (रामकुमार रजक) मैहर/कैमोर। मध्य प्रदेश के कैमोर क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब होनहार छात्रा कुमारी शनिजा अफ़रोज़ ख़ान ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 97% अंक प्राप्त किए। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शत-प्रतिशत अंक
शनिजा की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे आधुनिक और तकनीकी विषय में 100 में से 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस विषय में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन आज के डिजिटल युग में युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष की सुपुत्री
दिल्ली पब्लिक स्कूल, भोपाल की छात्रा शनिजा वर्तमान में भोपाल स्थित प्रतिष्ठित दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। वह समाजसेवी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष इंजीनियर नवाब ख़ान की सुपुत्री हैं। परिवार में शिक्षा का विशेष माहौल है—जहां उनकी बड़ी बहन एमबीबीएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं, वहीं छोटे भाई नायाब 9वीं कक्षा के छात्र हैं।
परिश्रम और समर्पण का परिणाम
इस उपलब्धि पर पिता इंजीनियर नवाब ख़ान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सफलता शनिजा की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा, “बच्चों की सफलता ही माता-पिता के लिए सबसे बड़ा उपहार होती है।”
क्षेत्र में खुशी की लहर
शनिजा की इस सफलता से कैमोर सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रेरणा बनी शनिजा
आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शनिजा अफ़रोज़ ख़ान की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए एक मिसाल है कि मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



